स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में आयुष विभाग की पहल, जिलेभर में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
40 से अधिक स्थानों पर नागरिकों को योग, प्राणायाम और ध्यान का प्रशिक्षण स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश।

पाकुड़। स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है” इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु व्यापक योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का लक्ष्य आमजन तक योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धतियों को पहुँचाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस अभियान के तहत सोमवार को पाकुड़ जिले के विभिन्न प्रखंडों—पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित कुल 40 से अधिक स्थानों पर योग प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की प्रभावी तकनीकों का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि बदलती जीवनशैली में योग एक सरल, सुलभ और प्रभावी उपाय है, जो व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और एक स्वस्थ, सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


