उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर से बनी फर्जी WhatsApp ID, साइबर ठगी की कोशिश।
फर्जी नंबर से अधिकारियों व आम लोगों से मांगे जा रहे थे रुपये और उपहार, जिला प्रशासन ने किया सतर्क।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम एवं तस्वीर का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों द्वारा एक फर्जी WhatsApp ID बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी WhatsApp नंबर +66 616482051 के माध्यम से जिले के अधिकारियों एवं अन्य व्यक्तियों से संपर्क कर राशि एवं उपहार की मांग किए जाने की जानकारी मिली है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त WhatsApp नंबर का उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। यह साइबर ठगी का प्रयास है। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ को उपलब्ध करा दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उक्त WhatsApp नंबर अथवा किसी अन्य संदिग्ध नंबर या अनधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट से उनके नाम पर कोई संदेश, कॉल या धनराशि अथवा उपहार की मांग की जाती है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें।
उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ वित्तीय अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया है, ताकि साइबर अपराधियों के विरुद्ध समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और किसी भी अनधिकृत संदेश या कॉल पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धनराशि, उपहार या निजी जानकारी की मांग होने पर बिना सत्यापन के कोई कदम न उठाएं।




