Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

स्वच्छता, माहवारी स्वास्थ्य एवं ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर पाकुड़ में समीक्षात्मक बैठक आयोजित।

चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान की सफलता हेतु उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने दिए आवश्यक निर्देश।

पाकुड़। पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, पाकुड़ अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में स्वच्छता, माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन तथा ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने 28 मई 2026 से 4 जून 2026 तक चलने वाले “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के सफल संचालन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों समेत अन्य बालिका विद्यालयों में नैपकिन वेंडिंग मशीन एवं इंसीनरेटर का सुचारू संचालन तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उपायुक्त ने कहा कि माहवारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों एवं मिथकों को समाप्त करने के लिए पंचायत एवं ग्राम स्तर तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि इस अभियान में आंगनबाड़ी सेविका, स्वास्थ्य सहिया, स्वयं सहायता समूह की दीदी एवं जलसहिया दीदी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से केवल किशोरियों और महिलाओं ही नहीं, बल्कि पुरुषों एवं लड़कों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि परिवार एवं समाज में सकारात्मक सहयोग तथा संवेदनशील वातावरण तैयार हो सके।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तरीय कार्यक्रमों में प्रमुख, उप-प्रमुख, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुंचे और लोगों में सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रथाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित हो सके।

सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश, बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वर्ष 2026 में जारी सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सोमवार तक आवश्यक रूप से कार्य प्रारंभ किया जाए।

उन्होंने कहा कि इस कार्य में उप विकास आयुक्त के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाए, ताकि जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समन्वयक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!