विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ सम्मानित, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रशस्ति-पत्र देकर बढ़ाया उत्साह।
एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पहले शत-प्रतिशत पूरा करने पर मिला सम्मान, उपायुक्त बोलीं— बीएलओ की कार्यनिष्ठा लोकतंत्र को मजबूत बनाने की आधारशिला।

पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को समाहरणालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
उपायुक्त ने कहा कि सम्मानित बीएलओ ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समर्पण, समयबद्धता और उत्तरदायित्व लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की आधारशिला है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और समय से पहले शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना उनकी कार्यनिष्ठा, प्रतिबद्धता एवं दक्षता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य बीएलओ को भी प्रेरित करना है, ताकि अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके और मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बन सके।
सम्मानित होने वाले बीएलओ में 05-पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-350 की जासमिनारा बीबी, बूथ संख्या-388 की नीलिमा सरकार, लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-83 की कल्पना कुमारी, तथा महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-92 की शालू बेगम एवं बूथ संख्या-65 की रुमी मंडल शामिल हैं। इन सभी बीएलओ ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित अवधि से पहले शत-प्रतिशत पूरा कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के आरओ सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमित कुमार तथा एईआरओ सह अंचलाधिकारी, पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया ने भी सम्मानित बीएलओ को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण, गुणवत्ता और निष्ठा के साथ निर्वाचन कार्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




