हिंदू धर्म रक्षा मंच की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, सितंबर से चलेगा व्यापक सदस्यता अभियान।
राजेश अग्रवाल बने सदस्यता अभियान प्रभारी, आधुनिक विद्युत शवदाह गृह निर्माण की मांग को लेकर सरकार को भेजा जाएगा ज्ञापन।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल स्थित हिंदू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय कार्यालय, कासिम बाजार में रविवार को संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य प्रमोद जैन ने की। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी सदस्यता अभियान रहा। इस अवसर पर मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो ने सदस्यता अभियान की टीम की घोषणा करते हुए राजेश अग्रवाल को अभियान का प्रभारी नियुक्त किया। वहीं मिथुन राजवंशी, नकुल बर्मन, विनोद सिंह, राम कुमार साहा, श्रीदाम बसु, सचिन घोष एवं सुमित अग्रवाल को अभियान का सह-प्रभारी बनाया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सितंबर माह में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इससे पूर्व संगठन के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को मंच से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मंच के केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने राजमहल के शवदाह गृह की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तट पर आधुनिक विद्युत चालित शवदाह गृह का निर्माण समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर शीघ्र ही मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन भेजा जाएगा। यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है तो संगठन जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन भी करेगा।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में देवाशीष मंडल, लालचंद घोष, अंकुश (पिंटू) मजूमदार, अमृत मजूमदार, फेकन मंडल, उदय रविदास, ऋषभ कुमार सिंह सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




