साहिबगंज में आम उत्सव-सह-बागवानी मेला का भव्य आयोजन, आमों की खुशबू और स्वाद ने जीता लोगों का दिल।
मालदा, फाज़ली, आम्रपाली और लखनी सहित विभिन्न किस्मों के आम बने आकर्षण का केंद्र, लगभग 1000 किलोग्राम आमों की हुई बिक्री।

साहिबगंज।ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत जिला टाउन हॉल, साहिबगंज में बुधवार को “आम उत्सव-सह-बागवानी मेला” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिले की समृद्ध बागवानी परंपरा, उत्कृष्ट आम उत्पादन क्षमता तथा किसानों की मेहनत को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए कृषकों, बागवानों एवं स्वयं सहायता समूहों ने अपने-अपने उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई तथा आमों की बिक्री भी की।

मेले में मालदा, आम्रपाली, फाज़ली, लखनी सहित अनेक प्रसिद्ध एवं उच्च गुणवत्ता वाली आम की किस्में प्रदर्शित की गईं। स्वाद, सुगंध और गुणवत्ता के कारण इन आमों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने आमों की खरीदारी की, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 1000 किलोग्राम आमों की बिक्री दर्ज की गई।
यह उपलब्धि न केवल स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को दर्शाती है, बल्कि किसानों और बागवानों की मेहनत को भी नई पहचान दिलाने का कार्य करती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने आम उत्पादकों एवं स्वयं सहायता समूहों से उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के साथ प्रभावी विपणन रणनीति अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में साहिबगंज के आमों को राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित मार्ट एवं विपणन केंद्रों के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे जिले के आमों को नई पहचान मिलेगी तथा किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।
आम उत्सव-सह-बागवानी मेला किसानों, बागवानों एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए एक प्रभावी विपणन मंच के रूप में उभरा। इस आयोजन ने स्थानीय बागवानी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, किसानों की आय बढ़ाने तथा जिले की कृषि एवं बागवानी क्षमता को नई दिशा देने का कार्य किया।
मेले में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों, कृषकों तथा बड़ी संख्या में आम प्रेमियों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और लोगों ने साहिबगंज के प्रसिद्ध आमों के स्वाद का भरपूर आनंद लिया।
आम उत्सव-सह-बागवानी मेला ने एक बार फिर साबित कर दिया कि साहिबगंज केवल प्राकृतिक सौंदर्य ही नहीं, बल्कि अपने उत्कृष्ट और स्वादिष्ट आमों के लिए भी विशेष पहचान रखता है। यह आयोजन जिले के आम उत्पादकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला साबित होगा।



