Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित।

मतदाता सूची को अधिक अद्यतन, शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाने में सहयोग की अपील।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया, समय-सारिणी, मतदाता सत्यापन अभियान तथा राजनीतिक दलों की भूमिका से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा करना था।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी गौतम भगत, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी राजमहल, बोरियो एवं बरहेट सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक अद्यतन, शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित इस महत्वपूर्ण अभियान की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा पात्र मतदाताओं को जागरूक करने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

बैठक में जानकारी दी गई कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 20 जून से 29 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रपत्रों के मुद्रण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर इन्न्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा।

इस दौरान BLO मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी देंगे। प्राप्त प्रपत्रों को प्रतिदिन BLO App के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि यदि किसी मतदाता से प्रथम भ्रमण के दौरान संपर्क स्थापित नहीं हो पाता है, तो BLO द्वारा पुनः भ्रमण कर उनसे संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

उप निर्वाचन पदाधिकारी गौतम भगत ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी की जानकारी देते हुए बताया कि 05 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे।

प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया 03 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी तथा 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बूथ लेवल एजेंट (BLA) की भूमिका एवं दायित्वों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि BLO एवं BLA के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाया जा सकेगा।इस उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर समन्वय बैठकों के आयोजन की जानकारी भी साझा की गई।

बैठक में जिले में संचालित मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राजमहल विधानसभा क्षेत्र में 86.57 प्रतिशत, बरहेट विधानसभा क्षेत्र में 83.13 प्रतिशत तथा बोरियो विधानसभा क्षेत्र में 77.77 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण हो चुकी है।

जिले में कुल मतदाता मैपिंग प्रगति 82.80 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि शेष मतदाताओं की मैपिंग का कार्य भी लगातार जारी है।

बैठक में इन्न्यूमरेशन फॉर्म की संरचना, मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारी, फोटो संलग्न करने की प्रक्रिया तथा दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं एवं जिज्ञासाओं पर अधिकारियों ने विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान करते हुए सभी आवश्यक शंकाओं का समाधान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!