Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर तैयारियां तेज “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान” की समीक्षा बैठक आयोजित।

05 जून को जिलेभर में स्वच्छता, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रम होंगे आयोजित।

पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान” के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की। यह विशेष अभियान 05 जून, विश्व पर्यावरण दिवस तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है।

बैठक में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सिद्धो-कान्हू पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु जागरूकता विषय पर आकर्षक वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया जा सके।

अभियान के तहत विभिन्न सरकारी कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अनुमंडल कार्यालय परिसर में भी साफ-सफाई अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता, हरित पर्यावरण एवं जलवायु संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिला वन प्रमंडल कार्यालय द्वारा 04 जून को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें आम नागरिकों के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि स्वच्छ एवं हरित पाकुड़ के निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पौधारोपण और जलवायु संरक्षण जैसे कार्यों में सामूहिक भागीदारी से ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!