बिशनपुर बिंदुपारा बाजार में ‘खुशी नर्सिंग होम’ का भव्य उद्घाटन।
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम एवं फरक्का विधायक महताब शेख ने फीता काटकर किया शुभारंभ, ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बिंदुपारा पंचायत के बिशनपुर बिंदुपारा बाजार में सोमवार को ‘खुशी नर्सिंग होम’ का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सह पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम एवं फरक्का विधायक महताब शेख ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विधिवत किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नर्सिंग होम प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम एवं विशिष्ट अतिथि विधायक महताब शेख को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त नर्सिंग होम का खुलना स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करने की मजबूरी काफी हद तक कम होगी।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह पहल क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी और इससे आसपास के गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
वहीं फरक्का विधायक महताब शेख ने अपने संबोधन में डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन से सेवा भाव के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग होम को केवल कमाई का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए, बल्कि मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने की बात कहते हुए कहा कि हर व्यक्ति को उचित उपचार और बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए।

खुशी नर्सिंग होम के संचालक सबीर शेख, सुनीता देवी एवं मुशर्रफ हुसैन ने बताया कि अस्पताल में सर्जन, फिजिशियन, आर्थोपेडिक एवं गाइनोकोलॉजिस्ट सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग होम का उद्देश्य केवल चिकित्सा सेवा प्रदान करना नहीं, बल्कि गरीब एवं असहाय मरीजों को भी उचित एवं रियायती दरों पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की हरसंभव सहायता की जाएगी
इस अवसर पर साहिबगंज जिला अध्यक्ष बरकत खान, जिला उपाध्यक्ष नाबिद अंजुम, प्रखंड अध्यक्ष रणजीत टुडू, प्रखंड उपाध्यक्ष अनंत लाल भगत, प्रखंड महासचिव निताय सरकार, दौरान चौधरी, मोतिउर अंसारी, मो. सबीर शेख, समीम मंसूरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत पर खुशी जाहिर की।


