Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बरहरवा में पेयजल संकट पर विधायक निसात आलम की बड़ी पहल।

विभागीय मंत्री के निर्देश पर विशेष टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, खराब जलमीनार और चापाकलों की होगी मरम्मत।

बरहरवा साहिबगंज। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर विधायक निसात आलम की पहल अब तेज होती नजर आ रही है। क्षेत्र की पेयजल समस्या को गंभीर जनहित का मुद्दा बताते हुए विधायक ने पहले विधानसभा में इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। विभागीय जवाब से असंतुष्ट विधायक ने बाद में विभागीय मंत्री को पत्र लिखकर बरहरवा प्रखंड के कई गांवों एवं पंचायतों में पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति से अवगत कराया था।

विधायक ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा था कि बरहरवा प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ पेयजल संकट भयावह रूप ले चुका है। कई गांवों में जलमीनार बंद पड़े हैं, चापाकल खराब हैं तथा पाइपलाइन योजनाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही हैं। इसके कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विधायक ने विभागीय कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।

विधायक निसात आलम की लगातार सक्रियता और दबाव के बाद विभागीय मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। मंत्री के निर्देश के आलोक में विभाग की विशेष टीम बरहरवा प्रखंड के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची और पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में संवेदक अमित कुमार सिंह, अभिषेक मिश्रा, विभागीय पदाधिकारी अरुण कुमार झा, सुनील कुमार यादव, शशि सिंह, उमेश मंडल एवं विजय मिंज शामिल थे। टीम ने कई गांवों का दौरा कर खराब पड़े जलमीनार, चापाकल, पाइपलाइन और अन्य पेयजल योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से दर्ज किया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट अधिक गंभीर है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

मौके पर बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मो. काजल, सफीकुल, डॉ. महबूब, आलमगीर, अनुकूल जमीरुल सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!