साहिबगंज में निर्माण कार्यों की समीक्षा: उपायुक्त ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया सख्त जोर।
लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश, मानसून से पहले कार्य पूर्ण करने पर विशेष बल।

साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में भवन प्रमंडल, झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड (JSBCCL) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मानसून से पूर्व सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्ण हो चुकी योजनाओं के हैंडओवर की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर योजनाओं का हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए।
नारकोटिक्स ड्रग्स एवं साइकोट्रोपिक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण हेतु साहिबगंज में बनाए जा रहे मॉडल स्टोरेज सुविधा के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इस कार्य की जांच कराते हुए शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कोर्ट भवन के रेनोवेशन कार्य के दौरान हटाए गए सोलर पैनलों को पुनः स्थापित कर उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने हेतु संबंधित सहायक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रखंड राजमहल, बरहेट, पतना, उधवा एवं मंडरो में 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पतना प्रखंड में कार्य प्रगति पर है, जबकि बरहेट प्रखंड में भूमि विवाद के कारण कार्य प्रभावित है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को समन्वय स्थापित कर विवाद का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।
बरहेट प्रखंड के शिवगादी धाम में हेलीपैड निर्माण कार्य में उत्पन्न स्थानीय अवरोधों पर भी उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया कि ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए।
आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि कुल 65 केंद्रों में से 52 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, 3 निर्माणाधीन हैं, जबकि 10 को विभाग द्वारा निरस्त कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, बरहेट प्रखंड के बोड़बांध में प्रस्तावित विद्यालय निर्माण हेतु भूमि विवाद के समाधान का निर्देश दिया गया। वहीं, साहिबगंज के को-एड विद्यालय के अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कराने हेतु कार्यपालक निदेशक, JSBCCL को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।
बाल सुधार गृह, साहिबगंज के निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति के विषय में भी बैठक में चर्चा हुई और शीघ्र समाधान निकालने पर बल दिया गया।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




