झारखंड

तालझारी में दो दिवसीय परिवहन दरबार का आयोजन, ग्रामीणों को दी गई सड़क सुरक्षा की जानकारी।

ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज, राहवीर एवं हिट एंड रन मुआवजा योजना के प्रति किया गया जागरूक।

तालझारी साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत तालझारी प्रखंड में दो दिवसीय प्रखंडवार परिवहन दरबार का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक परिवहन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ लोगों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

शिविर के दौरान नए लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन, लाइसेंस नवीनीकरण एवं संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं, वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र आरसी हस्तांतरण, फिटनेस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र पीयूसी और वाहन बीमा की अनिवार्यता तथा समय पर दस्तावेज अपडेट कराने के महत्व से लोगों को अवगत कराया गया।

इसके अलावा राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा एवं प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी गई। हिट एंड रन योजना के अंतर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सरकारी मुआवजा राशि मिलने और इसके लिए दावा प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

मौके पर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष एवं अभिषेक मुंडा, अंचलाधिकारी राम सुमन प्रसाद, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, प्रखंड बीपीआरओ निशा कुमारी, सड़क सुरक्षा योद्धा ओम प्रकाश पंडित, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित प्रखंड के सभी ग्राम प्रधान एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!