झारखंड

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित।

मुफस्सिल थाना परिसर में वाहन चालकों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी, जागरूकता पंपलेट वितरित कर दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ।

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों एवं वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मुफस्सिल थाना परिसर में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति, साहिबगंज दीपक कुमार दूबे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इसके साथ ही यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। वाहन चालकों के बीच जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए तथा सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान गुड समारिटन (नेक नागरिक) योजना एवं गोल्डन आवर के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। वाहन चालकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे के भीतर उचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर उपचार मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए बिना किसी झिझक के आगे आएं और मानवीय संवेदनशीलता के साथ एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन कर तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पाराशर एवं आईटी सहायक राजहंस उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!