झारखंड

108 एम्बुलेंस सेवा में अनियमितताओं का आरोप, तीन माह से कर्मचारियों का वेतन बकाया।

वेतन भुगतान के नाम पर लाखों रुपये के संदिग्ध दस्तावेज प्रस्तुत करने का दावा, जांच और कार्रवाई की मांग; 17 नवंबर तक मांगें पूरी नहीं होने पर 18 नवंबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।

साहिबगंज। झारखंड की 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और संबंधित कंपनी पर कार्रवाई की मांग की है। संघ का आरोप है कि कर्मचारियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन लंबित है। इसके अलावा फरवरी 2025 से लगातार मनमाने ढंग से वेतन कटौती भी की जा रही है।

संघ के जिला अध्यक्ष रोहित रंजन ने बताया कि 5 फरवरी 2025 से सम्मान फाउंडेशन द्वारा राज्य में 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से खराब पड़ी एम्बुलेंस को सरकारी दस्तावेजों में चालू दिखाकर भुगतान लिया जा रहा है, जबकि उसी एम्बुलेंस के खराब होने का हवाला देकर संबंधित कर्मचारियों का वेतन काटा जाता है।

संघ ने 16 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्तुत वेतन भुगतान के दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए हैं। संघ के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधियों ने जुलाई और अगस्त 2026 के वेतन भुगतान के प्रमाण के रूप में अलग-अलग कर्मचारियों के नाम पर 1.10 लाख से लेकर करीब 2 लाख रुपये तक की राशि दर्शाने वाले दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। इनमें ₹1,71,881, ₹1,99,603, ₹1,44,158, ₹1,10,891, ₹1,88,514, ₹1,27,524 और ₹1,33,069 जैसी राशियां शामिल हैं। संघ का दावा है कि संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में ये राशि प्राप्त नहीं हुई है। संघ ने इन दस्तावेजों की सत्यता की जांच कराने की मांग की है।

रोहित रंजन ने यह भी आरोप लगाया कि एम्बुलेंस खराब रहने या मरीजों का कॉल नहीं आने की स्थिति में भी ड्यूटी पर उपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटा जाता है। जिला प्रबंधकों (ACO) द्वारा कर्मचारियों पर अपनी निजी राशि से एम्बुलेंस की मरम्मत कराने और खराब एम्बुलेंस के बावजूद फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव बनाया जाता है। ऐसा करने से इनकार करने पर वेतन कटौती की जाती है।

संघ के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनएचएम संविदा कर्मियों, आउटसोर्सिंग कर्मियों और सहियाओं के लंबित मानदेय एवं वेतन का भुगतान दीपावली से पहले करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों को अब तक बकाया वेतन नहीं मिला है।

संघ ने सरकार से अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का पूरा बकाया वेतन तत्काल भुगतान कराने, फरवरी 2025 से अब तक की गई वेतन कटौती की जांच कर राशि वापस दिलाने तथा संदिग्ध भुगतान दस्तावेजों, खराब एम्बुलेंस के नाम पर सरकारी भुगतान, फर्जी केस आईडी बनाने के दबाव और कर्मचारियों से निजी राशि खर्च कराने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित कंपनी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

संघ ने बताया कि पूर्व में आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ वार्ता हुई थी। इसमें उन्होंने छठ पूजा तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद संघ ने छठ पूजा तक आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि 17 नवंबर 2026 तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं की जाती हैं, तो 18 नवंबर से राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

जिला अध्यक्ष रोहित रंजन ने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा आम जनता के लिए जीवनरक्षक आपातकालीन सेवा है। ऐसे में कर्मचारियों का वेतन रोकना, मनमाने ढंग से कटौती करना और भुगतान के संदिग्ध दस्तावेज प्रस्तुत करना गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!