झारखंड

तालझारी में मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण की प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई संपन्न।

बाकुड़ी पंचायत के 6 और बड़ी भागियामारी पंचायत के 7 मामले लंबित, अनुपालन के लिए संबंधित कर्मियों को मिला दो सप्ताह का समय; शेष 11 पंचायतों में शत-प्रतिशत अनुपालन।

तालझारी साहिबगंज। मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में क्रियान्वित योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर बुधवार को तालझारी प्रखंड में प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में सामाजिक अंकेक्षण के दौरान सामने आए मामलों की समीक्षा की गई तथा उनके निष्पादन और अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

जानकारी के अनुसार, सामाजिक अंकेक्षण दल के सदस्यों द्वारा 16 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक प्रखंड की सभी 13 पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण किया गया था। इसके बाद पंचायत स्तरीय ज्यूरी के निर्णय के आधार पर प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई।

जनसुनवाई के दौरान बताया गया कि ग्राम पंचायत बाकुड़ी में 6 तथा बड़ी भागियामारी में 7 मामलों का अनुपालन अब तक पूरा नहीं हुआ है। इस पर प्रखंड ज्यूरी ने संबंधित रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव को सभी लंबित मामलों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया। साथ ही सभी आवश्यक साक्ष्य प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया, ताकि उन्हें संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जा सके। वहीं, प्रखंड की शेष 11 पंचायतों में सभी मामलों का शत-प्रतिशत अनुपालन पूरा कर लिया गया है।

जनसुनवाई में प्रखंड प्रमुख बेरोनिका मुर्मू, प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साव, डीआरपी (SAU) शंकर दास, ग्राम प्रधान स्वर्णलता मुर्मू, एसएचजी सदस्य सरोला टुडू तथा बीआरपी-एफसी, एसएयू मनोज मुर्मू उपस्थित रहे। इसके अलावा जेपीएस निशा कुमारी, बीपीओ रजनीश पाराशर, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता भी मौजूद थे।

इस दौरान मजदूरों एवं ग्रामीणों से जुड़े मामलों पर खुलकर चर्चा की गई। अधिकारियों और ज्यूरी सदस्यों ने मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!