उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर से फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर ठगी का प्रयास।
संदिग्ध नंबर से अधिकारियों एवं अन्य लोगों से की जा रही राशि और उपहार की मांग, जिला प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी नंबर +66636073402 के माध्यम से जिले के अधिकारियों एवं अन्य व्यक्तियों से संपर्क कर राशि और उपहार की मांग की जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्हाट्सएप नंबर का उपायुक्त या जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। यह साइबर ठगी का प्रयास है। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों और आम नागरिकों से अपील की है कि उनके नाम पर किसी भी संदिग्ध नंबर से संदेश या कॉल आने पर सतर्क रहें। ऐसे संदेशों के माध्यम से राशि अथवा उपहार की मांग किए जाने पर किसी भी प्रकार का भुगतान न करें और न ही अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा करें।
उन्होंने नागरिकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं, अफवाहों से बचें और किसी भी अनधिकृत संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें।




