किसान समृद्धि योजना और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने का निर्देश।
किसान समृद्धि योजना के तहत 391 सोलर पंप स्थापित, 382 का सत्यापन पूरा; कृषि ऋण माफी योजना के ई-केवाईसी और लंबित सर्वे कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में गुरुवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में कृषि आत्मा, उद्यान एवं मत्स्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान समृद्धि योजना, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना और डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि किसान समृद्धि योजना के तहत जिले में 407 किसानों का लक्ष्य निर्धारित है, जबकि 943 किसानों का पंजीकरण किया गया है। इनमें 807 किसानों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। योजना के तहत 407 कार्यादेश जारी किए गए हैं, जिनमें से 391 सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं और 382 का सत्यापन पूरा हो गया है। उपायुक्त ने शेष प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर पात्र किसानों को योजना का लाभ देने का निर्देश दिया।

झारखंड कृषि ऋण माफी योजना के तहत जिले के कुल 20,094 ऋणी किसानों में से 13,760 किसानों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। यह कुल लक्ष्य का 68 प्रतिशत है, जबकि 6,334 किसानों का ई-केवाईसी लंबित है। प्रखंडवार समीक्षा में बरहरवा में 88 प्रतिशत, मंडरो में 80 प्रतिशत और उधवा में 79 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई। उपायुक्त ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा में बताया गया कि जिले के कुल 6,61,569 भूखंडों में से 3,09,803 का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 46.83 प्रतिशत है। इनमें 1,83,418 सर्वेक्षणों को अनुमोदित किया गया है। प्रखंडवार उपलब्धियों में उधवा 69.07 प्रतिशत और पतना 55.54 प्रतिशत के साथ आगे रहे। उपायुक्त ने शेष सर्वेक्षण और अनुमोदन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने, प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करने और लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित एटीएम एवं बीटीएम उपस्थित थे।


