Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न।

गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने दिया प्रेरणादायी संदेश।

साहिबगंज भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के सफल प्रतिभागियों के सम्मान में गायत्री शक्तिपीठ साहिबगंज में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मॉडल कॉलेज राजमहल साहिबगंज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए निरंतर अध्ययन, प्रतिदिन कम से कम 8 घंटे का समर्पित प्रयास तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने आधुनिक तकनीक के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को Artificial Intelligence (AI) को एक प्रभावी ट्यूटर के रूप में उपयोग करने की सलाह दी, ताकि वे अपनी पढ़ाई को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बना सकें। साथ ही उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा (Indian Knowledge System) पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपजोनन समन्वयक अनिल कुमार एवं संरक्षक प्रो. वकील पोद्दार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि मंच संचालन कल्याण प्रसाद श्रीवास्तव ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश सिंहा, वीरेंद्र प्रसाद चौधरी, रानी श्रीवास्तव (उप मुख्य प्रबंधक, ट्रस्टी) एवं रानी झा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं विद्यालयों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से मॉडल कॉलेज राजमहल के 5 विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्राप्त हुआ, जो महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय रहा।

विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता में योगीचक सरकंडा विद्यालय ने प्रथम स्थान, इंटर स्कूल सच्चानग ने द्वितीय स्थान तथा कमला देवी उच्च कन्या विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पीएम श्री नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय एवं सेंट जेवियर स्कूल सहित अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

आयोजकों ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है, ताकि वे एक जिम्मेदार एवं संस्कारित नागरिक बन सकें।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!