झारखंड

सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश।

अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, नो-एंट्री का सख्ती से पालन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग के निर्देश।

साहिबगंज। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में एनआईसी सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने साहिबगंज, राजमहल एवं बरहरवा क्षेत्रों में अनावश्यक एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने जैप-9 से साक्षरता चौक मार्ग पर लागू नो-एंट्री व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। शहरी क्षेत्र में आवश्यक आपूर्ति वाहनों के परिचालन के दौरान निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में हिट एंड रन मुआवजा से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी मामलों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश अनुसंधान पदाधिकारियों एवं सड़क सुरक्षा कोषांग को दिया। उन्होंने आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने को कहा।

उपायुक्त ने साहिबगंज-गोविंदपुर मार्ग पर साहिबगंज से हरिणचरा मोड़ तक सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर साइन बोर्ड एवं सड़क का किनारा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ओवरस्पीडिंग एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रोड स्लाइडिंग बैरिकेड लगाने तथा इसके लिए सीएसआर मद से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही साहिबगंज-बरहेट मार्ग के टेलो ब्रिज पर क्रैश बैरियर लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधवा पुल के समीप डायवर्सन एवं सूचनात्मक साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया।

साहिबगंज पश्चिमी रेलवे फाटक पर लगातार लग रहे जाम को देखते हुए उपायुक्त ने पांच चौकीदार एवं जिला बल के जवानों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। वहीं, बड़े वाहनों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने तथा टाइगर मोबाइल द्वारा दी जा रही अनावश्यक छूट की थाना स्तर पर समीक्षा करने को कहा गया। धोड़मारा पुल चौक एवं साक्षरता चौक पर भी आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने जिले में ओवरलोड वाहनों एवं दोपहिया वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। सड़क किनारे दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाले सूखे पेड़ों के संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी से प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने जिलेबिया घाटी सहित अन्य मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने पर भी जोर दिया, ताकि वाहन चालकों को सड़क एवं मोड़ों की स्पष्ट दृश्यता मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ सड़क की स्थिति, संकेतक, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग नियंत्रण और पुलिस निगरानी जैसे सभी पहलुओं पर समन्वित रूप से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, एसडीपीओ सदर, नगर प्रशासक, विभिन्न थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!