झारखंड

साहिबगंज में जल्द मिलेगी प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा, सदर अस्पताल में यूनिट स्थापना की प्रक्रिया जारी।

राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सदन में उठाया गंभीर मरीजों के इलाज का मुद्दा, सरकार ने दिया सकारात्मक जवाब।

साहिबगंज। साहिबगंज जिले के गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सदन की कार्रवाई के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से साहिबगंज जिले में प्लाज्मा थेरेपी एवं संबंधित उपचार की व्यवस्था किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने सदन में कहा कि साहिबगंज जिले में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जब प्लाज्मा थेरेपी की आवश्यकता होती है, तो उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे स्थानों पर रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्लाज्मा भंडारण की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा साहिबगंज सदर अस्पताल अथवा जिले के किसी उपयुक्त अस्पताल में प्लाज्मा थेरेपी उपचार की व्यवस्था की जाए, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी न हो।

विधायक के सवाल के जवाब में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार ने बताया कि साहिबगंज जिले में सदर अस्पताल साहिबगंज में रक्त केंद्र संचालित है, जहां सभी प्रकार की रक्त संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

विभाग की ओर से बताया गया कि प्लाज्मा थेरेपी के लिए आवश्यक यूनिट की स्थापना को लेकर आधारभूत संरचना एवं मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर इस सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।

प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा साहिबगंज में उपलब्ध होने से गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में उपचार के लिए दूसरे शहरों में रेफर किए जाने पर मरीजों को अतिरिक्त खर्च, यात्रा और इलाज के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा द्वारा सदन में इस मुद्दे को उठाए जाने और सरकार की ओर से यूनिट स्थापना की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दिए जाने से जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी होने पर साहिबगंज जिले के मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!