08 और 09 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर पात्र मतदाता जरूर भरें फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज।
SIR-2026 के तहत सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा विशेष अभियान, विदेशी नागरिक प्रक्रिया में भाग न लें।

पाकुड़,। झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत पाकुड़ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 08 एवं 09 अगस्त 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। दोनों दिनों में शिविर का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से विशेष शिविर में पहुंचकर अपने मतदाता संबंधी आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने की अपील की है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। कोई भी विदेशी नागरिक SIR की प्रक्रिया में भाग न लें और आवेदन न करें। मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि फॉर्म-6 उन पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी हो जाएगी और जो झारखंड के किसी मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं। ऐसे पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणा पत्र भर सकते हैं।
वहीं, फॉर्म-8 के माध्यम से ऐसे मतदाता आवेदन कर सकते हैं, जिनका मतदान केंद्र उनके निवास स्थान से दूर है अथवा जिनके परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं। ऐसे मतदाता अपने पूरे परिवार के सदस्यों के नाम एक ही निकटवर्ती मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 08 एवं 09 अगस्त को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें। शिविर में अपने नाम, पता एवं मतदाता सूची में दर्ज अन्य विवरणों का सत्यापन करें और आवश्यकता होने पर फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरकर अपना आवेदन जमा करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना तथा परिवार के सभी सदस्यों का एक ही मतदान केंद्र पर पंजीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं सुगम बनाता है।
इच्छुक नागरिक ECINET App के माध्यम से अथवा भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को विशेष शिविर के दौरान आम नागरिकों को आवश्यक सहयोग, जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन, पाकुड़ ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 08 एवं 09 अगस्त को आयोजित विशेष शिविर में अनिवार्य रूप से पहुंचें, मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण की जांच करें और आवश्यकता के अनुसार फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरें।
प्रशासन ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखने में प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है।





