झारखंड

पाकुड़ में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर तेज हुई सुनवाई, नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावों और दस्तावेजों का हो रहा सत्यापन।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत भवनों से लेकर समाहरणालय तक आयोजित हो रही सुनवाई, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने पर विशेष जोर।

पाकुड़। मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पाकुड़ जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस एवं सुनवाई चरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के विभिन्न पंचायत भवनों एवं समाहरणालय में नोटिस प्राप्त मतदाताओं की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई की गई। इस दौरान संबंधित मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दावों एवं दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण और सत्यापन किया जा रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वैसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, जो मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया में ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी में पाए गए हैं अथवा जिनकी मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में किसी प्रकार की विसंगति सामने आई है। सुनवाई का मुख्य उद्देश्य ऐसे मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान करना तथा उनके दावों और प्रस्तुत दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन करना है।

सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित 12 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के माध्यम से अपनी पात्रता प्रमाणित करने का अवसर दिया जा रहा है। प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच एवं आवश्यक सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम एवं विवरण को नियमानुसार मतदाता सूची में सुरक्षित एवं अद्यतन रखने की कार्रवाई की जा रही है।

यह पूरी सुनवाई प्रक्रिया निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर पर संचालित की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा मतदाताओं के दावों एवं प्रस्तुत दस्तावेजों का निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षण किया जा रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि पात्र नागरिकों के नाम किसी भी स्थिति में अनुचित रूप से प्रभावित न हों और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार नियमानुसार किया जा सके।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने नोटिस प्राप्त सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। इससे उनके दावों का समय पर परीक्षण एवं सत्यापन किया जा सकेगा और मतदाता सूची में दर्ज उनके नाम एवं विवरण की शुद्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

जिला प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जिले की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाना है। साथ ही प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!