साहिबगंज में विशेष केसीसी कैंप का आयोजन, किसानों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील।
20 अप्रैल से 20 मई 2026 तक सभी प्रखंड मुख्यालयों में लगेंगे कैंप, किसानों को केसीसी योजना और उर्वरक उपयोग पर दी जाएगी जानकारी।

साहिबगंज। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार साहिबगंज जिले में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना से जोड़ने के उद्देश्य से 20 अप्रैल 2026 से 20 मई 2026 तक सभी प्रखंड मुख्यालयों में विशेष केसीसी कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इन कैंपों का आयोजन संबंधित बैंकों के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें बैंक कर्मियों के साथ-साथ कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। कैंप के दौरान किसानों को केसीसी योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहायता प्रदान की जाएगी।
कैंप के दौरान किसानों को खेती से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा। इसमें शामिल हैं उर्वरकों का संतुलित एवं सही उपयोग, NPK एवं SSP उर्वरकों के प्रयोग को बढ़ावा, ऑर्गेनिक खाद के उपयोग की जानकारी, यूरिया एवं डीएपी के असंतुलित उपयोग से मिट्टी पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, कृषि विशेषज्ञ किसानों को मृदा स्वास्थ्य सुधारने के उपाय भी बताएंगे, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो सके।जिला प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने-अपने प्रखंडों में आयोजित केसीसी कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं। साथ ही अन्य किसानों को भी इसकी जानकारी देकर जागरूक करें।
प्रखंडवार कैंप की तिथियां:
मंडरो – 05 मई 2026
बरहेट – 06 मई 2026
पतना – 08 मई 2026
राजमहल – 12 मई 2026
साहिबगंज – 14 मई 2026
तालझारी – 15 मई 2026
उधवा – 20 मई 2026
यह विशेष अभियान किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी किसानों से अपेक्षा है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी खेती को और अधिक लाभकारी बनाएं।




