झारखंड

आधुनिक तकनीकों से बढ़ेगा कृषि उत्पादन, 25 दिवसीय माली प्रशिक्षण शुरू।

सखी मंडल की दीदियों एवं किसानों को उद्यानिकी की वैज्ञानिक तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण, उत्पादन से विपणन तक दी जाएगी जानकारी।

साहिबगंज। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित उद्यान विकास योजना के तहत जिला उद्यान कार्यालय, साहिबगंज द्वारा 25 दिवसीय माली प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र, साहिबगंज में किया गया। प्रशिक्षण में जेएसएलपीएस द्वारा चयनित सखी मंडल की दीदियों एवं किसानों को उद्यानिकी और कृषि क्षेत्र की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर मुख्य अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक तथा कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक सुप्रिया सिंह एवं संजीव कुमार उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं सखी मंडल की दीदियों को आधुनिक उत्पादन पद्धतियों, वैज्ञानिक कृषि तकनीकों और उन्नत फसल प्रबंधन से अवगत कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खेती के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकें।

25 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न उद्यानिकी फसलों के उत्पादन, फसल प्रबंधन, वैज्ञानिक देखभाल, उन्नत उत्पादन तकनीक, कटाई-पश्चात प्रबंधन तथा विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों के माध्यम से बेहतर आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के माध्यम से पारंपरिक कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया जाएगा। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने, खेती को अधिक लाभकारी बनाने और आय के नए स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी।

जिला उद्यान कार्यालय की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के किसानों एवं महिलाओं को उद्यानिकी क्षेत्र में कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने क्षेत्रों में प्राप्त तकनीकी ज्ञान का उपयोग कर उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ अपनी आजीविका को भी मजबूत कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!