साहिबगंज के एमानुएल किस्कू वर्ल्ड स्कूल गेम्स ट्रायल के लिए गोवा रवाना।
भारतीय टीम में चयन के लिए 4 से 8 अक्टूबर तक बम्बोलिम में होगी चयन प्रक्रिया, दिसंबर में ब्राजील में प्रस्तावित है अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता।

साहिबगंज। जिले के खेल जगत के लिए शनिवार का दिन गौरव और उत्साह से भरा रहा। साहिबगंज के प्रतिभावान युवा एथलीट एमानुएल किस्कू भारतीय टीम के चयन हेतु आयोजित वर्ल्ड स्कूल गेम्स (ISF 2026) के ट्रायल में भाग लेने के लिए रांची से गोवा रवाना हुए। गोवा के बम्बोलिम, उत्तर गोवा में 4 से 8 अक्टूबर तक चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है, जहां देशभर के प्रतिभावान खिलाड़ियों के बीच भारतीय टीम के लिए चयन किया जाएगा।
गोवा में होने वाले ट्रायल के आधार पर ISF 2026 के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 3 से 8 दिसंबर 2026 तक रियो डी जेनेरियो, ब्राजील में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे में एमानुएल के लिए गोवा ट्रायल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
एमानुएल किस्कू राजस्थान इंटर विद्यालय, साहिबगंज में कक्षा नौ के छात्र हैं। वह जिला खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज में नियमित रूप से एथलेटिक्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षक योगेश यादव ने एमानुएल के गोवा रवाना होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका चयन ट्रायल तक पहुंचना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एमानुएल पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

एमानुएल ने प्रशिक्षण के दौरान अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन से पहचान बनाई है। गोवा में होने वाला ट्रायल उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ साहिबगंज और झारखंड की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का अवसर भी है।
एमानुएल के गोवा रवाना होने पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, एपीओ शबनम तबस्सुम सहित जिले के पदाधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भारतीय टीम में स्थान बनाने की उम्मीद जताई।
एमानुएल की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने से साहिबगंज की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।




