Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बरहरवा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर BLO एवं कांग्रेस के BLA-2 की अहम बैठक।

घर-घर पहुंचेंगे SIR प्रपत्र, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने और जागरूकता अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प।

बरहरवा साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 अभियान के तहत सोमवार को बरहरवा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं कांग्रेस पार्टी के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाना, प्रत्येक पात्र नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंचाना तथा नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को गति देना था।

रामनगर पंचायत अंतर्गत ईटावा पोखर स्कूल, पंचायत भवन तथा कन्हाई डांगग स्कूल में आयोजित बैठकों में संबंधित बीएलओ, कांग्रेस पार्टी के बीएलए-2, स्थानीय कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने सभी केंद्रों का दौरा कर बैठक में भाग लिया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त की।

बैठक के दौरान बीएलओ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित लोगों को गणना चरण (Enumeration Phase), एएसडीडी (ASDD) सूची की उपयोगिता, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी लीफलेट एवं पोस्टर में उल्लिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया। साथ ही राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित कांग्रेस पार्टी के सभी बीएलए-2 ने एक स्वर में आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में वे पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर पहुंचाए जाने वाले SIR प्रपत्र प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने में कांग्रेस के कार्यकर्ता हरसंभव सहयोग करेंगे। साथ ही योग्य मतदाताओं को प्रपत्र भरने एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

बैठक में मतदाता जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने तथा सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि का समय रहते सुधार सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी सहमति बनी।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी बीएलए-2 पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को SIR-2026 अभियान के प्रति जागरूक करने तथा निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!