ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश।
डीडीसी सतीश चंद्र ने की बहु ग्रामीण एवं एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने पर दिया जोर।

साहिबगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को पर्याप्त, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित जलापूर्ति योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्र की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, साहिबगंज के अंतर्गत संचालित बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना एवं एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं की योजनावार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों, अभियंताओं एवं संवेदकों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य की गति तथा निर्माण के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण जनता को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने संवेदकों एवं अभियंताओं को कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के मापदंडों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने पर जोर दिया। योजनाओं में उपयोग की जा रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया एवं तकनीकी मानकों की नियमित जांच करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाएं टिकाऊ और लंबे समय तक प्रभावी बनी रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी एवं स्थल निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्य में आने वाली तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है, वहां कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराकर ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में योजनाओं की निरंतर समीक्षा, बेहतर समन्वय और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने पर भी जोर दिया गया। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संबंधित पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं से जुड़े संवेदक उपस्थित रहे।




