युवाओं के लिए रोजगार का सशक्त मंच बना भर्ती-सह-निबंधन कैंप।
160 रिक्तियों के लिए आयोजित कैंप में 15 अभ्यर्थियों का चयन, 13 का नियोजन पोर्टल पर निबंधन।

साहिबगंज। युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, साहिबगंज की ओर से कार्यालय परिसर में एक दिवसीय भर्ती-सह-निबंधन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के लिए अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन किया।
भर्ती-सह-निबंधन कैंप में CreditAccess Grameen Pvt. Ltd. एवं Blinkit सहित दो निजी क्षेत्र के नियोजकों ने हिस्सा लिया। विभिन्न पदों के लिए नियोजकों की ओर से कुल 160 रिक्तियां उपलब्ध कराई गई थीं। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की योग्यता एवं उपयुक्तता के आधार पर नियोजकों द्वारा 15 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं, 13 अभ्यर्थियों का नियोजन पोर्टल पर निबंधन किया गया।
कैंप के माध्यम से युवाओं को रोजगार के उपलब्ध अवसरों से सीधे जोड़ने के साथ ही नियोजकों और अभ्यर्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के भर्ती कैंप युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला नियोजनालय की ओर से बताया गया कि जिले के युवाओं को रोजगार के नए एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी रोजगार मेला एवं भर्ती-सह-निबंधन कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में यंग प्रोफेशनल राजीव रंजन कुमार, लिपिक समीर जेवियर मरांडी सहित विभिन्न नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



