Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया श्रद्धापूर्वक नमन।

अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का आह्वान।

साहिबगंज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर साहिबगंज नगर के चैती दुर्गा चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा साहिबगंज नगर अध्यक्ष बिनोद कुमार चौधरी ने किया।

इस अवसर पर भाजपा साहिबगंज जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महान चिंतक, संगठनकर्ता और राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व थे। उन्होंने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान एवं कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार और ‘एकात्म मानववाद’ का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान, विकास और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित एवं समाजहित में सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, त्याग, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने भारतीय चिंतन एवं संस्कृति को केंद्र में रखते हुए एकात्म मानववाद का दर्शन प्रस्तुत किया, जिसमें व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय उन्हें अपने आचरण एवं सामाजिक जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने सभी से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रामदरश यादव, प्रेम लाल मंडल उर्फ मंटा मंडल, जिला उपाध्यक्ष गरिमा साह, जिला मंत्री चांदनी देवी, जिला कार्यालय प्रभारी गौतम पंडित, पूर्व नगर अध्यक्ष अनंत सिन्हा, पंकज चौधरी, संजय पटेल, नगर महामंत्री संतोष चौधरी, श्वेता श्रीवास्तव, जयकांत वर्मा, अरविंद सिन्हा, मुकेश राज, चेतन शर्मा, लोकनाथ चौधरी, मुन्ना तांती, प्रमोद झा, सिकन्दर पोद्दार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!