बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं खाद्य आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता।
एसडीओ अमर जॉन आईन्द के नेतृत्व में प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, परिवारों के बीच वितरित की खाद्य सामग्री।

साहिबगंज। जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर एवं उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाने के लिए प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज अमर जॉन आईन्द एवं अंचलाधिकारी, साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम एवं प्रशासनिक कर्मियों ने गोपालपुर, घीसू टोला, मकईया टोला, बंसकोला सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया तथा बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर लोगों से उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और राहत कार्यों की स्थिति का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए राहत एवं खाद्य आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुंचाने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित टीमों को लगातार सक्रिय रहने तथा परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, जरूरतमंदों तक समय पर राहत पहुंचाना तथा खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




