स्वतंत्रता दिवस पर राजमहल में बूचड़खाने एवं मांस-मछली की दुकानें रहेंगी बंद।

राजमहल साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस 2026 के पावन अवसर पर नगर पंचायत राजमहल क्षेत्र में शांति, स्वच्छता एवं गरिमामय वातावरण बनाए रखने को लेकर नगर पंचायत प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। इसके तहत नगर पंचायत राजमहल क्षेत्रांतर्गत संचालित सभी बूचड़खानों तथा मीट, मछली, मुर्गा आदि की दुकानों को 15 अगस्त 2026 को पूर्ण रूप से बंद रखना अनिवार्य किया गया है।
नगर पंचायत प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 15 अगस्त 2026 को क्षेत्र में किसी भी प्रकार का बूचड़खाना अथवा मीट, मछली, मुर्गा आदि की दुकान खुली नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित दुकानदारों एवं संचालकों को निर्देश का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है।
प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 15 अगस्त को कोई बूचड़खाना या संबंधित दुकान खुली पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निर्देश का उल्लंघन करने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार या संचालक की स्वयं होगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने सभी संबंधित व्यवसायियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और 15 अगस्त 2026 को अपने प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी इस निर्देश के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





