झारखंड

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर स्नेह स्पर्श वृद्धा आश्रम में विशेष कार्यक्रम।

स्वास्थ्य विभाग ने वृद्धजनों के बीच तकियों एवं जरूरतमंदों को एडजस्टेबल वॉकर का किया वितरण, स्वास्थ्य एवं सम्मान के प्रति जागरूकता का दिया संदेश।

साहिबगंज। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, साहिबगंज की ओर से राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम (NPHCE) के अंतर्गत धोबी झरना स्थित स्नेह स्पर्श वृद्धा आश्रम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के स्वास्थ्य, सम्मान, आत्मीय देखभाल तथा गरिमापूर्ण जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. किरण माला, मनोचिकित्सक डॉ. आर.सी. खानम, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. मोहन मुर्मू, जिला कार्यक्रम समन्वयक संदीप कुमार, सूर्या सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. विजय कुमार तथा समाजसेवी सुरेश निर्मल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग उनकी सेवा एवं स्वास्थ्य देखभाल के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज के लिए अनुभव, स्नेह और संस्कार की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन को सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए सभी बुजुर्गों के बीच तकियों का वितरण किया गया। वहीं, जरूरतमंद वृद्धजनों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडजस्टेबल वॉकर उपलब्ध कराया गया। इससे उन्हें दैनिक आवागमन में सुविधा मिलने के साथ चलने-फिरने में अधिक सुरक्षा और सहूलियत मिल सकेगी।

कार्यक्रम में वृद्धजनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, दैनिक देखभाल और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई। स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने वृद्धजनों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में NCD Cell के जिला कार्यक्रम सहायक पंकज पीटर सोरेन, सोशल वर्कर राजीव कुमार पॉल, कम्प्यूटर ऑपरेटर पीयूष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं, उनकी सेवा, सुरक्षा और सम्मान हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!