एसबीआई में आयोजित रक्तदान शिविर में विधायक प्रतिनिधि सहित 50 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान।
रक्तदान महादान, किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में बन सकता है सहारा : मो. मारूफ।

राजमहल साहिबगंज। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) परिसर, राजमहल में अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल एवं भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू एवं एसबीआई के मुख्य शाखा प्रबंधक प्रशांत सौरभ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
रक्तदान शिविर में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू सहित कुल 50 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान रक्तदाताओं में रक्तदान के प्रति काफी उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को आगे बढ़कर रक्तदान करना चाहिए तथा समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बैंक अपनी बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी बेहतर ढंग से निर्वहन कर रहा है। इस प्रकार के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

रक्तदान शिविर के आयोजन में एसबीआई एवं अनुमंडलीय अस्पताल के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर बैंक कर्मी आशीष कुमार, उत्तम कुमार, जयपाल कुमार, नेहा कुमारी, रितिक कुमार, सुजीत कुमार, मेंहदी कुमारी सहित अन्य कर्मी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।



