झारखंड

बरहरवा में म्यूटेशन की तकनीकी समस्या से अटके करीब 200 मामले, विधायक निशात आलम ने मंत्री दीपक बिरुआ से की मुलाकात।

तीन महीने से लंबित हैं म्यूटेशन के मामले, ऑनलाइन लॉगिन में क्रेता-विक्रेता का नाम प्रदर्शित नहीं होने से बढ़ी परेशानी।

बरहरवा। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निशात आलम ने शुक्रवार को झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ से मुलाकात कर साहिबगंज जिले के बरहरवा अंचल में अपील म्यूटेशन में आ रही तकनीकी समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक ने मंत्री को स्थानीय ग्रामीणों को हो रही परेशानी और लंबे समय से लंबित म्यूटेशन मामलों की जानकारी देते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया।

जानकारी के अनुसार, बरहरवा अंचल में करीब 200 म्यूटेशन के मामले लंबित हैं। म्यूटेशन से संबंधित समस्या की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से विधायक निशात आलम को मिली। इसके बाद विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों से बातचीत कर पूरी स्थिति की जानकारी ली।

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार द्वारा जारी अंचलाधिकारी के ऑनलाइन लॉगिन में म्यूटेशन से संबंधित शुद्धि पत्र तैयार करने के दौरान क्रेता एवं विक्रेता का नाम प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इसके कारण जमीन की खरीद-बिक्री करने वाले क्रेता एवं विक्रेता का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं हो पा रहा है। परिणामस्वरूप म्यूटेशन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

तकनीकी समस्या के कारण बरहरवा अंचल में पिछले करीब तीन महीने से म्यूटेशन के लगभग 200 मामले लंबित बताए जा रहे हैं। हालांकि नियमित म्यूटेशन की प्रक्रिया जारी है, लेकिन अंचलाधिकारी के ऑनलाइन लॉगिन में उत्पन्न तकनीकी समस्या के कारण कई मामलों का निष्पादन नहीं हो पा रहा है।

म्यूटेशन लंबित रहने से जमीन से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों के आवश्यक कार्य म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण प्रभावित हो रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक निशात आलम ने विभागीय मंत्री दीपक बिरुआ से तकनीकी समस्या का जल्द समाधान कराने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बरहरवा अंचल में लंबे समय से लंबित म्यूटेशन मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विधायक के अनुसार, मंत्री दीपक बिरुआ ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के सचिव को तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया है।

विधायक निशात आलम ने कहा कि मंत्री के आश्वासन के बाद विभागीय सचिव को समस्या के जल्द समाधान के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान होगा और बरहरवा अंचल के ग्रामीणों को म्यूटेशन कार्य में हो रही परेशानी से जल्द राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!