मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: बरहेट में गणना प्रपत्र संग्रहण व डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य के दिए निर्देश।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी विजय कुमार ने कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, ASDDF सूची का शीघ्र सत्यापन एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करने का निर्देश।

बरहेट साहिबगंज। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के तहत शनिवार को 03-बरहेट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया गया। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता विजय कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 105, 107, 110, 190 एवं 199 का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा अन्य संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) एवं बीएलओ सुपरवाइजर से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।

निरीक्षण के क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता और शुद्धता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ASDDF (Absent, Shifted, Dead, Duplicate एवं Foreigner) सूची का भौतिक सत्यापन कर उसे शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
विजय कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए इस अभियान से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप से मतदाता सूची में दर्ज हो सके और अपात्र प्रविष्टियों को समय रहते हटाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी अभियान को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



