झारखंड

राजमहल स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन का सख्त संदेश: लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, खराब प्रदर्शन पर होगी सेवा समाप्ति की कार्रवाई।

अनुमंडल अस्पताल राजमहल में स्वास्थ्य योजनाओं की हुई गहन समीक्षा, आयुष्मान आरोग्य केंद्रों के कार्यों का किया गया मूल्यांकन।

राजमहल साहिबगंज।साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडल अस्पताल के सभागार में रविवार को सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान की अध्यक्षता में राजमहल प्रखंड के स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान आरोग्य केंद्रों सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की बिंदुवार और गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, योजनाओं की प्रगति तथा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के कार्य निष्पादन का विस्तार से मूल्यांकन किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में कोताही किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्यकर्मी एवं पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करें।

सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कर्मी एवं पदाधिकारी किसी भी आपातकालीन अथवा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने कहा कि आम जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें।

समीक्षा के दौरान जिन आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया, उनके संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बैठक के दौरान ही स्पष्टीकरण जारी किया गया। सिविल सर्जन ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यदि अगले माह तक कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सुधार नहीं पाया गया तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सेवा से मुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने, रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर प्रबंधन तथा आम लोगों को त्वरित एवं प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें।

बैठक में अनुमंडल अस्पताल राजमहल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. जितेंद्र भगत, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, जिला डाटा प्रबंधक तौसीफ अहमद सहित राजमहल प्रखंड के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ), एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सहिया, सहिया साथी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!