‘रन फॉर योग’ जागरूकता रैली का आयोजन, योग को जन-जन तक पहुंचाने का दिया गया संदेश।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग की पहल, 21 जून को होगा जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम।

पाकुड़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला आयुष समिति, पाकुड़ के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘रन फॉर योग’ थीम पर भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने “योग अपनाओ, स्वस्थ जीवन पाओ” तथा “करे योग, रहे निरोग” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया।
रैली में आयुष विभाग के चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों तथा विभागीय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी दी गई और दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिपिन चंद्र गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होता है।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 21 जून को कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ परिसर में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सुजीत कुमार चौहान ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिले के विभिन्न विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आउटरीच केंद्रों पर नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को योग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों से परिचित कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. बिपिन चंद्र गुप्ता, डॉ. सुजीत कुमार चौहान, डॉ. कुलेश कुमार, डॉ. अबू तालीब शेख, डॉ. सौरभ विश्वास सहित योग प्रशिक्षक-प्रशिक्षिकाएं एवं आयुष विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।



