आम उत्सव-सह-बागवानी मेला में महिला किसानों की सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र।
बिरसा हरित ग्राम योजना से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव, आम उत्पादकों ने प्रदर्शित की उन्नत किस्मों की प्रदर्शनी।

मंडरो साहिबगंज। ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को प्रखंड मंडरो में आम उत्सव-सह-बागवानी मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख शीला देवी ने फीता काटकर किया। मेले में महिला किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और उनके द्वारा प्रदर्शित बागवानी उत्पाद आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
मेले में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आई महिला किसानों ने मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम की विभिन्न उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण किस्मों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए इन उत्पादों की गुणवत्ता, विविधता और किसानों की मेहनत ने आगंतुकों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम में JSLPS से जुड़ी सखी मंडलों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पंचायत तेतरिया, सिमरा, बच्चा, खैरवा, बसहा, दामिनभिट्टा एवं गडरा की महिला किसानों ने अपने बागवानी उत्पादों का प्रदर्शन किया तथा बिरसा हरित ग्राम योजना से हुए लाभ और अपने अनुभवों को साझा किया। महिलाओं ने बताया कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।
कार्यक्रम के दौरान बीपीओ अभिषेक आनंद ने प्रखंड प्रमुख का स्वागत करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को बिरसा हरित ग्राम योजना की उपलब्धियों एवं मनरेगा तथा JSLPS के सफल समन्वय (कन्वर्जेंस) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा देने और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से संचालित यह योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया।

प्रखंड प्रमुख शीला देवी ने महिला किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा पंचायत सचिव दयानंद प्रसाद, संतोष हेम्ब्रम, निकोलस मरांडी, JSLPS की टीम के सदस्य, ग्रामीण किसान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान किसानों और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।


