बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 4 चोरी के मोबाइल बरामद।
रात्रि गश्ती के दौरान विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन में संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले आरोपी।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹53,488 बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जून 2026 को रात्रि लगभग 2:15 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार अपने सहयोगी सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं सिपाही सुजीत कुमार सिंह के साथ बरहरवा रेलवे स्टेशन पर गश्त एवं सुरक्षा जांच अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में प्लेटफार्म संख्या-03 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन की सघन जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान दो व्यक्ति ट्रेन के कोच के अंदर संदिग्ध परिस्थिति में घूमते हुए दिखाई दिए। जब आरपीएफ टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए रोकने का प्रयास किया तो दोनों कोच से कूदकर भागने लगे। हालांकि, आरपीएफ जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान चांद शेख (25 वर्ष) एवं इस्तेफाक शेख (30 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों आरोपी झारखंड के पाकुड़ जिले के निवासी हैं।
गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद चार मोबाइल फोनों में से दो मोबाइल बरहरवा रेलवे स्टेशन के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में सोए हुए यात्रियों से तथा दो मोबाइल टिकट काउंटर के समीप सो रहे व्यक्तियों से चोरी किए गए थे।
आरपीएफ टीम ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में चारों मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर लिया। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत ₹53,488 आंकी गई है। आरपीएफ की त्वरित एवं पेशेवर कार्रवाई के कारण चोरी गई संपत्ति को बरामद करने में सफलता मिली।
सभी आवश्यक कानूनी एवं दस्तावेजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद मोबाइल फोन एवं संबंधित कागजात के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी बरहरवा के हवाले कर दिया गया है।
आरपीएफ बरहरवा ने स्पष्ट किया है कि रेलवे स्टेशन एवं रेलवे परिसरों में अपराध, चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी, सघन जांच एवं नियमित गश्ती अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।


