उपायुक्त के निर्देश पर टीबी मरीज रीता सुहागिनी हेम्ब्रम को मिल रहा समुचित उपचार और सरकारी योजनाओं का लाभ।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के ट्वीट के बाद जिला प्रशासन हुआ सक्रिय, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण।

पाकुड़। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए ट्वीट के बाद पाकुड़ जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मेघा भारद्वाज ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी, पाकुड़िया एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया ने ग्राम मोहनपुर फुलझिंझरी निवासी 25 वर्षीय रीता सुहागिनी हेम्ब्रम के मामले की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि मरीज पल्मोनरी टीबी (फेफड़ों की क्षय रोग) से पीड़ित हैं तथा उनका नियमित उपचार 20 मई 2026 से जारी है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा 03 जून 2026 को मरीज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें समुचित चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही मरीज को टीबी पोषण किट भी प्रदान की गई है। चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच एवं निगरानी की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि मरीज का राशन कार्ड बना हुआ है और उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। मरीज को पूर्व में मईया सम्मान योजना का लाभ भी प्राप्त हुआ था। हाल के महीनों में योजना का लाभ बंद होने की स्थिति में संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके।

मरीज की माता विधवा हैं और उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त परिवार को पात्रता के आधार पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास योजना से आच्छादित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा समन्वय स्थापित कर मरीज एवं उनके परिवार को अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जा रही है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मरीज के उपचार, पोषण, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सहायता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सभी पात्र लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।


