18 मई को राजमहल प्रखंड परिसर में भाजपा का विशाल धरना-प्रदर्शन, किसानों की समस्याओं और खाद संकट को लेकर हेमंत सरकार पर बोला हमला।
राजमहल निरीक्षण भवन में हुई भाजपा की संयुक्त बैठक, पूर्व जिला अध्यक्ष उज्जवल मंडल ने कहा— सरकार ने किसानों से किए वादे नहीं निभाए।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड परिसर में आगामी 18 मई 2026 को आयोजित होने वाले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को राजमहल निरीक्षण भवन में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजमहल नगर मंडल, तीनपहाड़ मंडल एवं राजमहल ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता राजमहल नगर अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी ने की। वहीं कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रशांत कुमार मंडल उर्फ उज्जवल मंडल उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उज्जवल मंडल ने कहा कि झारखंड प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार 15 मई से 20 मई तक राज्य के सभी मंडलों में हेमंत सरकार के खिलाफ किसानों की समस्याओं, खाद संकट एवं सरकार की वादाखिलाफी को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 मई को राजमहल प्रखंड परिसर में भाजपा द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले हेमंत सरकार ने किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन आज तक सरकार अपने इस वादे को पूरा नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में खाद की कालाबाजारी चरम पर है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
उज्जवल मंडल ने यह भी कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल सका है। भाजपा किसानों एवं आम जनता से जुड़े इन ज्वलंत मुद्दों को लेकर अब सड़क से लेकर प्रखंड स्तर तक आंदोलन चलाएगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करेगी।
बैठक में तीनपहाड़ मंडल अध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव, राजमहल ग्रामीण मंडल अध्यक्ष चिरंजीत सरकार, भाजपा जिला मोर्चा अध्यक्ष धर्मेंद्र मंडल, भाजपा जिला मंत्री अजय चौधरी सहित किशोर जैन, संजय प्रमाणिक, परमानंद मंडल, अनीता बसाक, शेखर बर्मन, पवन गोस्वामी, सूरज चौधरी एवं रमन साहा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




