जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सुनीं आमजन की समस्याएं।
त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

पाकुड़। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस में आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति, लापता व्यक्ति की खोज हेतु आवश्यक पत्राचार, धुमकुड़िया भवन निर्माण कार्य को पुनः प्रारंभ कराने, रोजगार उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना से संबंधित समस्याओं सहित कई महत्वपूर्ण आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अलावा ग्राम पोखरिया में कोयला परिवहन से उत्पन्न प्रदूषण, सड़क क्षति, जनसुरक्षा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों को भी नागरिकों द्वारा प्रमुखता से उठाया गया।
उपायुक्त ने सभी मामलों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का सीधे समाधान किया जा रहा है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का वास्तविक लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

