साहिबगंज में NEET (UG)-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शी माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न।
तीन परीक्षा केंद्रों पर 614 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, कदाचारमुक्त आयोजन के लिए सख्त निगरानी; उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण।

साहिबगंज ।राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित NEET (UG)-2026 परीक्षा साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन एक ही पाली में किया गया, जिसमें कुल 614 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की गई थी। जिला स्तर से 06 स्टैटिक दंडाधिकारी, 03 उड़नदस्ता दंडाधिकारी तथा 01 गश्ती दल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिन्होंने लगातार परीक्षा केंद्रों पर नजर बनाए रखी।

दीपक कुमार दूबे, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, ने सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन में लगे पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो पाया।




