
साहिबगंज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 25 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की पुरुष एथलेटिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार तथा छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने कुल 3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
इस उपलब्धि में जिले के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिभाशाली एथलीट एमानुएल किस्कू का विशेष योगदान रहा। उन्होंने 4×100 मीटर रिले दौड़ में रजत पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई।
महज 15 वर्ष की आयु में, कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में एमानुएल किस्कू ने सीनियर पुरुष वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की, जो उनके करियर का पहला बड़ा पदक है। इसके अलावा, उन्होंने 110 मीटर हर्डल्स प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।
इस शानदार उपलब्धि पर जिले के प्रशासनिक एवं खेल अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया। उपायुक्त हेमंत सती, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा तथा जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष समेत जिले के खेल प्रेमियों ने एमानुएल किस्कू और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
झारखंड टीम की यह सफलता राज्य के उभरते आदिवासी खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है, जिससे आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है।




