राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार: स्वस्थ पंचायत श्रेणी में बाबूदाहा पंचायत की तैयारियों की समीक्षा।
उप विकास आयुक्त अरविंद लाल ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, केंद्रीय मूल्यांकन दल के भ्रमण से पहले कमियों को दूर करने पर जोर।

पाकुड़। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के अंतर्गत स्वस्थ पंचायत श्रेणी में चयनित बाबूदाहा ग्राम पंचायत में केंद्रीय मूल्यांकन दल के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर उप विकास आयुक्त अरविंद लाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर यादव, जिला परियोजना प्रबंधक आनंद प्रकाश, डीपीएम दीपक कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रखंड और पंचायत स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने पंचायत सचिवालय, स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने तथा पेयजल की गुणवत्ता, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की स्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं से संबंधित अभिलेखों और संचालित योजनाओं की उपलब्धियों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेजों को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए चिन्हित कमियों का समयबद्ध निराकरण करने तथा अपने-अपने विभाग की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उप विकास आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि स्वस्थ पंचायत के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि केंद्रीय मूल्यांकन दल के भ्रमण के दौरान पंचायत में उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं और योजनाओं की उपलब्धियों का समुचित सत्यापन किया जा सके।



