झारखंड

डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4% एमडीआर शुल्क के विरोध में व्यापारी करेंगे सामूहिक उपवास।

गांधी जयंती पर गांधी प्रतिमा के समक्ष एक घंटे तक शांतिपूर्ण विरोध, चैंबर अध्यक्ष ने व्यापारियों से शामिल होने की अपील।

साहिबगंज। डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क के विरोध में ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की ओर से गांधीवादी तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक गांधी प्रतिमा के समक्ष सामूहिक उपवास आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के व्यापारी शामिल होकर प्रस्तावित शुल्क के प्रति अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का संदेश दिया था। इसी भावना के अनुरूप चैंबर ने प्रस्तावित एमडीआर शुल्क के विरोध में शांतिपूर्ण आंदोलन का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ अपनी बात रखना व्यापारियों का अधिकार है।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि देश में डिजिटल इंडिया और कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में व्यापारी और उपभोक्ता डिजिटल माध्यम से भुगतान कर रहे हैं। ऐसे में डिजिटल लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क लागू होने से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पहले से विभिन्न खर्चों और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे व्यापारियों के लिए अतिरिक्त लेनदेन शुल्क लागत बढ़ाने वाला हो सकता है।

चैंबर के अनुसार, 2 अक्टूबर को व्यापारी गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद व्यापारी एक घंटे तक सामूहिक उपवास रखकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग और विरोध दर्ज कराएंगे।

चैंबर अध्यक्ष ने जिले के सभी व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क वापस नहीं लिया जाता है, तो आने वाले दिनों में चैंबर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय कर आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार करेगा।

कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियों में चैंबर के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इनमें सचिव मोहित बेगराज, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, सहसचिव पिंटू शाह, कार्यकारिणी सदस्य रवि शंकर पोद्दार, शंकर शाह, संगठन प्रभारी अंकित तमाखुवाला तथा कार्यकारिणी सदस्य विकास कौशिक शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!