नवसृजित आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के 25 प्रशिक्षु रांची रवाना।
HPC सेंटर मोराबादी में होगा शारीरिक मूल्यांकन, जांच के बाद प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने का मार्ग होगा प्रशस्त।

साहिबगंज। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निर्देश के आलोक में जिले में स्वीकृत नवसृजित आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के नवचयनित 25 प्रशिक्षुओं को शारीरिक मूल्यांकन के लिए रविवार को रांची रवाना किया गया। सभी चयनित प्रशिक्षुओं का एचपीसी सेंटर, मोराबादी, रांची में 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक शारीरिक मूल्यांकन एवं आवश्यक जांच की जाएगी।
आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक योगेश यादव के नेतृत्व में सभी 25 प्रशिक्षु बस से रांची के लिए रवाना हुए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में नवसृजित आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के विधिवत प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
नवसृजित आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र को जिले के साथ-साथ संथाल परगना प्रमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से ग्रामीण एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।
यह केंद्र क्षेत्र के युवाओं को फुटबॉल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित हो सकता है। इससे स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी सहायता मिलेगी।
रांची रवाना होने से पूर्व जिले के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा एवं जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार समेत जिले के फुटबॉल प्रेमियों ने सभी नवचयनित प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
रांची रवाना होने वाले नवचयनित प्रशिक्षुओं में चन्द्राय मुर्मू, लखींद्र सोरेन, प्रेम हेंब्रम, सूखेन सोरेन, हीरा लाल मुर्मू, निशांत मुर्मू, बाबूजी हांसदा, रोहित मुर्मू, होपना टुडू, नीरज मुर्मू, सिंगराई मरांडी, सूरज मड़ैया, मथियस हेंब्रम, मोहन मुर्मू, अमित मुर्मू, रोहित मुर्मू, लुखी राम मरांडी, धुनु मुर्मू, विमल बेसरा, हिमांशु टुडू, अंकित तिग्गा, खेला सोरेन, मसीह लाल मुर्मू, ओम प्रकाश बेसरा एवं फ्रांसिस हेंब्रम शामिल हैं।
अब इन सभी प्रशिक्षुओं के शारीरिक मूल्यांकन पर खेल प्रेमियों की नजर है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के संचालन की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।




