मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न।
साहिबगंज सदर प्रखंड में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया निरीक्षण, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित पुनरीक्षण पर दिया जोर।

साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों में 22 एवं 23 जून 2026 को बीएलओ (Booth Level Officer) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने साहिबगंज सदर प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित अवधि में सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद प्राप्त हस्ताक्षरित गणना प्रपत्रों के आधार पर योग्य मतदाताओं को SIR-2026 की प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रह जाए।
प्रशिक्षण में ASDDF (Absent, Shifted, Dead, Duplicate, Refused to Sign/Foreigners) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान एवं सत्यापन प्रक्रिया पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि ऐसे मतदाताओं की सूची का प्रकाशन ECI-Net, जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा संबंधित मतदान केंद्रों पर किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को जानकारी मिल सके और आवश्यक दावे एवं आपत्तियां समय पर प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सतर्कता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए पुनरीक्षण प्रक्रिया को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि नागरिक गणना प्रपत्र से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके। इसके लिए आमजन की सहभागिता और सहयोग अत्यंत आवश्यक है।



