बरहरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बस से 20 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।
गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित छापामारी, उड़ीसा से झारखंड तक फैले नेटवर्क का खुलासा।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस जानकारी दी बुधवार गुप्त सूचना के आधार पर बरहरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पतना-केन्दुआ मुख्य मार्ग पर विजयपुर गांव के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
सुबह लगभग 08:20 से 08:25 बजे के बीच बस संख्या BR02PB-6518 को रोका गया। तलाशी के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनकी पहचान इस प्रकार की गई। असीम मोहंती उम्र लगभग 34 वर्ष, पिता अनंगा कुमार मोहंती, निवासी तड़ोडीहपाल, थाना पाटामुड़ी, जिला केटरापाड़ा उड़ीसा।
प्रफुल चंद्र देवड़ी उम्र लगभग 22 वर्ष, पिता स्वर्गीय जगोबंधु देवड़ी, निवासी नुआ गांव, थाना जाशपुर, जिला जाशपुर उड़ीसा।
दोनों व्यक्तियों की तलाशी के दौरान उनके बैग से 10 बंडल हल्के भूरे रंग का गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 20.180 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए और संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे। बाद में पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे मदन भगत सीएसपी सेंटर के समीप दुर्गा मंडप, हिरणपुर थाना क्षेत्र में पिछले लगभग दो वर्षों से अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे थे।
इस मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 06.05.2026 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी असीम मोहंती का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर पाया गया है।उड़ीसा के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती एवं आर्म्स एक्ट के तहत 8 मामले दर्ज, झारखंड में आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज, जिनमें एक मामला साहिबगंज जिला के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र का है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल,पु॰नि॰ संतोष कुमार राणा थाना प्रभारी: सुमित कुमार सिंह,स॰अ॰नि॰: अविनाश कुमार सिंह, धवेन्द्र कुमार पासवान,बरहरवा थाना सशस्त्र बल एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
पुलिस द्वारा इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। आगे की जांच और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।




