झारखंड

जन समाधान दिवस में उप विकास आयुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं।

आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश।

पाकुड़। उपायुक्त के निर्देशानुसार मंगलवार को उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। उप विकास आयुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन समाधान दिवस में अत्यधिक तबीयत खराब होने के कारण एसआईआर कार्य से मुक्त करने, शेरशाहबादी जाति प्रमाणपत्र निर्गत करने, जमीन म्यूटेशन रद्द करने सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच करते हुए नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा आवेदकों को नियमानुसार समय पर राहत उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब को स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की प्रगति एवं निष्पादन की स्थिति पर नियमित निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!